पलवल। अखिल भारतीय किसान सभा ने भारी बारिश और जलभराव से बर्बाद हुई फसलों के मुआवजे की मांग पर बैठक की। बैठक में तय किया गया कि 10 और 11 सितंबर को जिला उपायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा।
बैठक जाट धर्मशाला में जिला प्रधान धर्मचंद की अध्यक्षता और जिला सचिव दरियाव सिंह के संचालन में हुई। निर्णय लिया गया कि चौथा त्रिवार्षिक जिला सम्मेलन 20 सितंबर को और तहसील स्तर का सम्मेलन 15 सितंबर को आयोजित होगा। इसके लिए तीन सितंबर से गांव-गांव जनसंपर्क अभियान शुरू किया जाएगा।
किसान नेताओं ने बताया कि इस बार की भारी बारिश ने ज्वार, बाजरा, कपास, मूंग, धान और सब्जियों को बर्बाद कर दिया है और यदि समय पर पानी की निकासी नहीं हुई, तो रबी सीजन की बुवाई प्रभावित होगी। किसान सभा और संयुक्त किसान मोर्चा ने सरकार से विशेष गिरदावरी कराई जाने और 50 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजे की मांग की है।
बैठक में रूपराम तेवतिया, डॉ. रघुवीर सिंह, ताराचंद प्रधान, महेंद्र सिंह चौहान सहित कई किसान नेता मौजूद थे और उन्होंने आगामी आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया। संवाद