मोहना मार्ग पर गांव डाढौता के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से एक कार असंतुलित होकर सड़क किनारे गड्ढों में जा गिरी। जिससे कार में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए व मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया।
अमरपुर चौकी प्रभारी एएसआई मनोज के अनुसार के गांव हसनपुर निवासी प्रमोद, माहौली निवासी सुरेश कुमार, भैंडोली निवासी अजय व हसनपुर निवासी बिजेंद्र चारों सोमवार को कार नंबर (डीएल-5सीई-2318) में किसी कार्यक्रम में गए थे। देर रात को बल्लभगढ़-मोहना होते हुए वे पलवल की तरफ वापस आ रहे थे।
कार सवार चारों लोग जब गांव डाढौता के पास पहुंचे तो सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने कार को टक्कर मार दी। जिससे कार असंतुलित होकर सड़क किनारे गड्ढों में जा गिरी। इस हादसे में 32 वर्षीय प्रमोद व 34 वर्षीय सुरेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बिजेंद्र व अजय गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, अस्पताल लाए जाने पर डॉक्टर ने घायल अजय व बिजेंद्र की गंभीर हालात में रेफर कर दिया। पुलिस ने घायल बिजेंद्र की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए। वाहन चालक की शिनाख्त व गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।