जूस की दुकान मालिक एक युवक ने सूदखोरों से परेशान होकर जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक के परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने मृतक के साथ तकादा करते हुए बदसलूकी व मारपीट की थी। मृतक के भाई की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने एक महिला के सरपंच के पति सहित दो के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज किया है।
सदर थाना प्रभारी संदीप मोर के अनुसार, गांव औरंगाबाद निवासी मनोहर ने शिकायत दी है कि उसके 27 वर्षीय भाई रघुवीर ने गांव बहौराला निवासी पूर्व सरपंच सत्ते के पुत्र व महिला सरपंच पति ऊधम व उसके होटल पर कार्यरत कर्मचारी रिंकू से कुछ हजार रुपये बतौर कर्ज ले रखे थे। उक्त दोनों व्यक्ति रघुवीर पर रुपये वापिस करने का दबाव बना रहे थे।
शिकायतकर्ता का कहना है कि रघुवीर ने कुछ रुपये वापिस कर दिए थे और बाकी के कुछ रुपये एक-दो दिन बाद में देने को कहा था। लेकिन ऊधम व रिंकू ने रघुवीर पर पैसे देने का दबाव बनाया और उसके साथ मारपीट की थी। जिससे परेशान होकर रघुवीर ने घर जाकर जहरीला पदार्थ निगल लिया। परिजन उसे लेकर सिविल अस्पताल में पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने रघुवीर को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।