पुलिस ने टटलू गिरोह के दो सदस्यों के खिलाफ नकली सोना देकर हजारों रुपये की नगदी हड़पने का मामला दर्ज किया है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा आरोपी मौके से रुपये लेकर भागने में सफल हो गया।
जानकारी के अनुसार गांव डिपाटोली रांची झारखंड निवासी खालिद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि साजिद नाम के व्यक्ति का उनके पास कई बार फोन आया था कि उन्हें खेतों में से सोना मिला है। खालिद, साजिद के झांसे में आ गया व उन के बीच सौदा तय हो गया। साजिद ने उन्हें पुन्हाना मोड़ होडल में बुला लिया।
खालिद ने बताया कि वह अपने साथी मो. अबदुल्ला व आफताब के साथ पहुंच गया। वहां साजिद व उसके साथी जाबेद के साथ उनकी मुलाकात हुई और साजिद ने उन्हें कुछ सोना दे दिया और उनसे 40 हजार रुपये की नगदी ले ली। खालिद ने जब सोना देखा तो वह नकली था। खालिद के सोना नकली कहते ही जाबेद वहां से खालिद द्वारा दिए गए 40 हजार रुपयों को लेकर फरार हो गया और खालिद व उसके साथियों ने साजिद को मौके पर ही दबोच लिया। शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर साजिद को गिरफ्तार कर दूसरे आरोपी की तलाश कर रही है।