समीपवर्ती गांव पचानका में एक ट्रक चालक के घर में लोग जबरदस्ती घुस गए और उसकी पत्नी से मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़िता फिरदौस को कई चोटें आईं। हथीन अस्पताल में पहुंची तो वहां कोई मेडिकल अफसर नहीं मिला। पलवल अस्पताल में जाकर एमएलआर बनवाई। फिर अपनी गुहार लेकर हथीन थाना पहुंची तो पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। इसके बाद पीड़िता ने पलवल जिले की महिला एसपी सुलोचना गजराज से मिली तथा अपने साथ घटी घटना के बारे में एसपी को बताया। इसके बावजूद आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया।
पीड़िता फिरदौस ने बताया कि उसका पति इसत्याक ट्रक चालक है। उसके घर पर सात लोग जबरदस्ती घुस आए। इनमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं, सभी ने लाठी व डंडों से पिटाई की। डंडे से सिर पर गहरी चोट लगी। पीड़िता का आरोप है कि वह अपनी शिकायत लेकर शहर चौकी में मुकदमा दर्ज कराने पहुंची तो उसे यह कहकर वापस कर दिया कि महिला थाना पलवल जाओ। इसके बाद जब थाना पलवल पहुंची तो बताया गया कि यह मामला महिला थाना का न होकर हथीन थाने का है। महिला का आरोप है कि आरोपियों ने उसके घर पर भी कब्जा कर लिया है।
फिरदौस ने मामले में सीएम विंडो पर शिकायत नंबर 040293 पर दर्ज कराई। पुलिस के डीजीपी ने एसपी से इस मामले में कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए। इस मामले में हथीन के एसएचओ देवेंद्र सिंह का कहना है कि मामला हथीन शहर पुलिस चौकी का है। वे चौकी प्रभारी को इस बारे में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दे रहे हैं।