सदर थाना क्षेत्र के गांव बामनी खेड़ा में एक नवविवाहिता की संदेहास्पद हालत में फांसी के फंदे पर झूलने से मौत हो गई। वहीं मृतका के मायके पक्ष ने सुसराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत पर उसके पति, देवर व ननद के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
सदर थाना एसएचओ रामकुमार के अनुसार, राजस्थान के जिला अलवर के गांव तिजारा निवासी मामचंद ने शिकायत दी है कि उन्होंने अपनी बहन राधिका की शादी एक वर्ष पूर्व गांव बामनी खेड़ा निवासी मनोज के साथ की थी। मामचंद के अनुसार राधिका के सुसराल पक्ष के लोग उस दहेज से संतुष्ट नही थे और उससे दहेज मे कार लाने की मांग करते थे। इसके लिए उसके साथ लड़ाई-झगड़ा कर मारपीट की जाती थी।
मामचंद ने आरोप लगाया कि मंगलवार को राधिका को उसके पति मनोज, देवर संदीप व ननद बबली ने घर मे फांसी लगाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने तीनों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। एसएचओ के अनुसार मामले की तफ्तीश की जा रही है।