कैंप थाना पुलिस ने जवाहर नगर मछली मार्केट के पास एक दुकान में आईपीएल मैच पर सट्टा खिलाते हुए सात युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सट्टे में लगाई जा रही रकम, एक एलईडी व कई मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
कैंप थाना एसएचओ रविंद्र के अनुसार उन्हें सूचना मिली थी कि जवाहर नगर में मछली मार्केट के पास दुकान में कुछ युवक दिल्ली व पुणे के बीच चल रहे आईपीएल क्रिकेट मैच पर सट्टा खेल रहे हैं। इस पर उन्होंने टीम का गठन कर मौके पर छापेमारी की।
इस दौरान पुलिस ने प्रकाश विहार निवासी भावी जैन, जवाह नगर निवासी देवराज उर्फ कालू, विक्की व श्रवण कुमार उर्फ काली, तुहीराम कॉलोनी निवासी गुरुदयाल, कानूगो मोहल्ला निवासी सिद्धार्थ तथा आगरा चौक निवासी सुशांत को दबोच लिया।
एसएचओ के अनुसार आरोपी एलईडी पर मैच देखते हुए सट्टे की बुकिंग कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छह मोबाइल फोन सहित एक एलईडी और 14 हजार 130 रुपये बरामद किए। संबंधित धाराओं में केस दर्ज आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई।