सिटी थाना पुलिस ने गांव फिरोजपुर के समीप अवैध रूप से चल रहे देशी शराब के ठेके पर छापेमारी कर सैकड़ों शराब की पेटियां बरामद की हैं। साथ ही पुलिस ने सेल्समैन को गिरफ्तार कर ठेकेदार के खिलाफ मामला भी दर्ज कर लिया है।
सिटी थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें सूचना मिली है कि गांव फिरोजपुर के समीप अवैध रूप से देशी शराब का ठेका चलाया जा रहा है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर छापेमारी की तो पुलिस को ठेके से देशी शराब की 250 पेटियां मिलीं। गांव रहराना निवासी सेल्समैन महेंद्र को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने ठेके को बंद कराकर गांव गोपालगढ़ निवासी ठेकेदार राजकुमार व सेल्समैन महेंद्र के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है वहीं दूसरी ओर चांदहट थाना पुलिस ने फरीदाबाद के गांव सकूरपुर निवासी रमेश को गांव बड़ौली से गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से शराब की सैकड़ों बोतलें बरामद की गई हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।