करीब एक माह पूर्व रहस्यमय परिस्थिति में हुई एक युवक की मौत के मामले में मृतक के भाई द्वारा मामले को दबाने की एवज में एक व्यक्ति से 45 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला प्रकाश में आया है। आरोपी 30 लाख रुपये वसूल चुका था व 15 लाख रुपये के लिए दबाव बना रहा था। शहर थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
हथीन गेट चौकी इंचार्ज एएसआई अजीत सिंह के अनुसार गुलाब सिंह मोहल्ला दुकड़िया (पलवल) निवासी नेपाल सैनी ने दी अपनी शिकायत में कहा है कि उसके फुफेरे भाई ने उसके (नेपाल के) मोबाइल फोन से कुछ दिन पूर्व जैंदीपुरा मोहल्ला निवासी शिव नारायण को दोस्ती में फोन किया और कहा कि साथ में बैठकर शराब पीएंगे। जिस पर शिवनारायण ने कहा कि उसकी तबीयत खराब है। जिस पर उसने कहा कि दारू व दवा एक ही चीज है, तू कहे तो तुझे जहर भी पिला देेंगे।
इस कॉल की वॉइस रिकॉर्डिंग शिवनारायण के फोन में हो गई। शिवनारयण वहां पहुंच था, और शराब पी थी। लेकिन अगले दिन उसकी (शिवनारायण) की तबीयत खराब हो गई व उपचार के दौरान मौत हो गई। कुछ दिन बाद शिवनारायण के भाई मानक चंद ने उसके (शिवनारायण) के फोन को चैक किया तो नेपाल के फोन द्वारा हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग मिली।
मानक चंद ने नेपाल को फोन किया और कहा कि तेरे फोन से मेरे भाई को शराब पीने के लिए बुलाया गया था। इस दौरान उसे शराब में जहर पिलाया गया था जिससे शिवनारायण की मौत हुई है। मामले को दबाने की एवज में मानक चंद ने नेपाल से कहा कि उसकी पुलिस से सेटिंग हो गई है और यदि वह मामले को रफा-दफा करना चाहता है तो 50 लाख रुपये दे दे। जिसका सौदा 45 लाख रुपये में तय हो गया।
नेपाल द्वारा मानक चंद को 20 लाख एक बार व 10 लाख एक दे भी दिए गए। लेकिन मानक चंद नेपाल से बार -बार बाकी के 15 लाख रुपयों की मांग करता रहा। जिसकी शिकायत पीड़ित ने पुलिस को दी। पुलिस ने पीड़ित कि शिकायत के आधार पर आरोपी मानक चंद को आगरा चौक के समीप से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को अदालत मे पेश कर पैसे की रिकवरी के लिए एक दिन के रिमांड पर लिया है।