महिला थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में आठ और 11 वर्षीय दो बच्चियों के साथ अश्लील छेड़छाड़ करने के आरोप में दो युवकों के खिलाफ पॉस्को एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज किए हैं।
जिला महिला थाना प्रभारी सुशीला देवी ने बताया कि गांव हुड़ीथल निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि 23 अप्रैल को रात के करीब साढ़े दस बजे उसकी दोनों बेटी (11 और 8 वर्ष) अपनी दादी के साथ घर के आंगन में अनाज के पास सो रही थीं।
दादी को कम दिखाई देता है, इसका फायदा उठाकर गांव का ही निवासी विपिन उनके घर में घुस आया और उनकी दोनों बेटियों को बारी-बारी से उठाकर ले गया और अश्लील हरकतें कीं। विरोध करते हुई उनकी बड़ी बेटी रोते हुए अपने पिता के पास पहुंची, लेकिन जब तक पिता व अन्य लोग पहुंचते तब तक आरोपी फरार हो गया। पीड़ित पक्ष जब इसकी शिकायत लेकर आरोपी के घर पहुंचे तो उसने जान से मारने व लड़कियों के अपहरण की धमकी दी।
वहीं, दूसरे मामले में एक व्यक्ति ने दी अपनी शिकायत में कहा है कि 17 मार्च को वह अपने घर पर नहीं था, घर पर अकेली उसकी आठ वर्ष की बेटी थी। जिला अलवर (राजस्थान) के गांव अजीजपुर निवासी रतनलाल अपनी रिश्तेदारी में गांव खांबी में आया हुआ था।
रतनलाल मौका देखकर 17 मार्च को उनके घर में घुस गया और उनकी बेटी के साथ छेड़छाड़ की। परिजनों के घर आने पर उनकी बेटी ने उन्हें आपबीती बताई, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। परिजन आरोपी के रिश्तेदारों के घर गए तो उन्होंने आपस में फैसला करने व आरोपी को दंड देने की बात कही।
इसी बात को लेकर वे पुलिस के पास नहीं गए, लेकिन आरोपी को कोई सजा नहीं दी गई, बल्कि उन्हें धमकी दी जा रही है। तब वह पुलिस में आया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।