नाबालिग लड़की को डेढ़ वर्ष तक बंधक बनाकर रखने व दुष्कर्म करने के मामले में लिप्त आरोपियों की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। इससे पीड़ित युवती के परिजनों में पुलिस के प्रति रोष है। पीड़िता के परिजन इस मामले में उच्च अधिकारियों से शिकायत करेंगे।
ज्ञात रहे कि एक व्यक्ति ने महिला थाना पुलिस को दी शिकायत में कहा कि 14 दिसंबर 2014 को गांव पृथला निवासी रामशेर उनकी नाबालिग पौत्री का अपहरण करके ले गया था और उसने उसे अपने घर में बंधक बनाकर रखा गया।
इस मामले की जानकारी रामशेर के पिता जगत सिंह, भाई प्रवीण व मां लच्छो देवी को भी थी। पीड़िता ने अपने परिजनों को बताया कि रामशेर व उसके परिजन उसे जबरन नशीला पदार्थ खिलाते थे एवं विरोध करने पर पिटाई करते थे। उसके शरीर को जलती सिगरेट से जलाता था और उसके बाद आरोपी दुष्कर्म करता था।
लड़की की हालात बिगड़ने पर आरोपी 16 मई 2016 को उसे नशे की हालत में पलवल में छोड़कर फरार हो गया। होश में आने के बाद पीड़ित लड़की ने अपने परिजनों को आपबीती बताई थी। परिजनों ने मामले की शिकायत महिला थाना पुलिस को दी। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराकर आरोपी रामशेर, उसके पिता जगत सिंह, मां लच्छो देवी व भाई प्रवीण कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
पुलिस ने इस मामले में आरोपी रामशेर को पकड़कर जेल भेज दिया, लेकिन अभी अन्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। परिजनों का आरोप है कि पुलिस जान बूझकर आरोपियों को नहीं पकड़ रही है। वह इस मामले में पुलिस के आला अधिकारियों से मिलेंगे। वहीं महिला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुशीला देवी का कहना है कि बाकी आरोपी फरार चल रहे हैं, उन्हें जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।