गांव मठेपुर में राष्ट्रीय पक्षी मोर के शिकार के मामले ने तूल पकड लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सीएम विंडो एवं हरियाणा के डीजीपी केपी सिंह तक लिखित शिकायत भेजी गई है।
शिकायतकर्ता इस्माइल ने आरोप लगाते हुए कहा कि 7 जून को सांय 6:00 बजे राष्ट्रीय पक्षी मोर का शिकार गोली मारकर किया गया था। इसकी लिखित सूचना हथीन थाना को दी गई थी। पुलिस को शिकार करने वाले दो लोगों के नाम भी बताए थे। पुलिस ने उन्हें हिरासत में भी लिया था, लेकिन पुलिस ने किसी दबाव के जांच करने की बात कहकर उन्हें छोड़ दिया था।
इस मामले में जिला वन्य संरक्षण अधिकारी डेलचंद भी आए परंतु आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस्माइल ने सीएम विंडो एवं डीजीपी हरियाणा केपी सिंह को लिखित शिकायत भेज कर मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच करके आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए।
दूसरी तरफ हथीन के एसएचओ दीपचंद का कहना है कि मौके पर जांच की गई थी। शिकायत निराधार पाई गई जबकि शिकायतकर्ता का आरोप है जांच के नाम पर ढोंग किया गया तथा शिकायतकर्ता को मौके पर ही नहीं बुलाया गया।