एलआईसी में कार्यरत एक अधिकारी को कुछ लोगों ने बीमा की किश्त देने के बहाने से गांव में बुलाया। अपने घर बुलाकर आरोपियों ने बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की और उसकी गाड़ी में रखी 20 हजार रुपये की नकदी को भी लूट लिया। घटना सदर थाना क्षेत्र के गांव पृथला की है।
जांच अधिकारी कुशल कुमार के अनुसार, पलवल की न्यू एक्सटेंशन कॉलोनी निवासी रविंद्र ने पुलिस को शिकायत दी है कि वह मूलरूप से खेडला गांव का निवासी है। रविंद्र एलआईसी की पलवल शाखा में कार्यरत है। पृथला निवासी कुलदीप व सुमित ने बुधवार को फोन करके उसे बीमा की किश्त लेने के बहाने गांव में बुलाया था।
शिकायतकर्ता रविंद्र के अनुसार, वह जब उक्त लोगों के पास पहुंचा तो उन्होंने उसे एक मकान में बंद कर लिया। दोनों आरोपियों ने जमा रुपये को लौटाने को कहा। इसके बाद दोनों ने रविंद्र की कार की चाबी को छीन अपने कुछ अन्य साथियों के साथ मिलकर मारपीट की। पीड़ित ने उक्त लोगों को आश्वासन दिया कि पलवल जाकर वह उनके पैसे वापिस करा देगा। जिस पर आरोपियों ने रविंद्र को छोड़ दिया। रविंद्र ने जब कार में देखा तो उसमे रखे 20 हजार रुपये भी गायब थे। पुलिस ने शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी के अनुसार मामले की तफ्तीश की जा रही है।