ठेके से उगाई करने जा रहे एक व्यक्ति से दो बाइक पर सवार बदमाश हथियार के बल पर लाखों रुपये की नगदी लूटकर फरार हो गए। पीड़ित व्यक्ति ने मामले की सूचना हसनपुर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने दो नामजद सहित छह बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
सब इंस्पेक्टर सूरज भान के अनुसार औरंगाबाद निवासी सुखबीर के गांव भिडूकी, बांसवा व अन्य गांवों में शराब के ठेके हैं। शनिवार को सुखबीर ठेकों से कलेक्शन के लिए अपनी कार लेकर निकला था। कुछ ठेकों से कलेक्शन करने के बाद जब सुखबीर गांव बांसवा के ठेके की ओर जाने लगा तो रास्ते में दो बाइक पर सवार छह बदमाशों ने अपनी बाइक आगे लगाकर उसका रास्ता रोक लिया।
बदमाशों ने सुखबीर पर हथियार तानकर रुपये देने के लिए कहा। जब सुखबीर ने विरोध किया तो बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की ओर रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। सुखबीर ने मामले की सूचना हसनपुर थाना पुलिस को दी।
सुखबीर ने पुलिस को बताया कि बदमाशों द्वारा लूट गए बैंग में तीन लाख 46 हजार रुपये की नगदी थी। उसने बताया कि बदमाशों के साथ उनके दो नौकर भी शामिल थे जिन्हें उन्होंने कुछ रोज पहले नौकरी से निकाल दिया था।
पुलिस ने पीड़ित सुखबीर के बयान पर भिडूकी निवासी महेंद्र, लालू व चार अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।