सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत जिम से लौट रहे कार सवार दो भाइयों पर एक युवक ने गोलियां चला दीं। गोलियां गाड़ी के शीशे पर लगीं। वारदात में दोनों भाई बाल-बाल बचे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बताया गया कि आरोपी द्वारा गोलियां पुरानी कहासुनी को लेकर चलाई गई थीं।
जांच अधिकारी रणवीर के अनुसार, पृथला निवासी देवीलाल ने शिकायत दर्ज कराई है कि गांव निवासी संदीप उर्फ गोविंदा से लगभग 15 दिन पूर्व उसकी कहासुनी हो गई थी। संदीप उर्फ गोविंदा उसी रंजिश को रखे हुए था। बृहस्पतिवार को वह तथा उसका भाई गांव छपरोला से जिम करके कार से घर की तरफ आ रहे थे। दुधौला मोड़ के समीप संदीप खड़ा हुआ था, जिसने दोनों भाइयों को देखते ही उन पर फायरिंग कर दी, लेकिन
गोलियां गाड़ी के शीशे पर लगीं। वह तथा उसका भाई बाल-बाल बच गए। आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को दी।
उधर, शिकायत के आधार पर पुलिस जांच करने जब पीड़ित के घर पहुंची, तो पीड़ित की गाड़ी से भी पुलिस को अवैध हथियार बरामद हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।