बामनीखेड़ा गांव में पति के अवैध संबंधों से परेशान पत्नी ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। सदर थाना पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर आरोपी पति व एक महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
एएसआई संजय कुमार के अनुसार गांव कैराका निवासी गोपाल ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है कि उसने आठ वर्ष पूर्व अपनी बेटी उर्मिला की शादी धीमरी जिला मथुरा (यूपी) निवासी चंद्रपाल के साथ की थी। चंद्रपाल पिछले काफी समय से गांव बामनीखेड़ा मे रह रहा है।
गोपाल के अनुसार शादी के बाद से उर्मिला को कोई संतान नही हुई थी। जिससे चंद्रपाल उर्मिला के साथ अक्सर मारपीट करता था और उसे तलाक देने की धमकी देता रहता था। कुछ समय पूर्व से चंद्रपाल के एक विधवा महिला के साथ अवैध संबंध बन गए थे। चंद्रपाल के अवैध संबंधों के चलते उर्मिला का अक्सर अपने पति के साथ लड़ाई-झगड़ा होता रहता था। जिससे परेशान होकर उर्मिला ने घर में जहरीला पदार्थ खा लिया।