सदर थाना क्षेत्र के गांव कलवाका के पास सड़क किनारे सवारी के इंतजार में खड़े एक ही परिवार के तीन सदस्यों को बेकाबू स्कूल बस चालक ने कुचल दिया। हादसे में 20 वर्षीय बेटी की मौके पर ही मौत हो गई व मां-बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद बस चालक बस सहित मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई व शव को कब्जे में लेकर पलवल के सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। घायल मां-बेटे को भी सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें गंभीर हालत में रेफर कर दिया गया।
जांच अधिकारी अख्तर खान के अनुसार गांव डुगंरपुर निवासी रसीदन ने पुलिस को दिए बयान में कहा है वह खेत पर मजदूरी करते हैं। शुक्रवार को वह अपने पुत्र जाहिद व बेटी बर्फीना के साथ खेतों में काम करने के लिए आई थी। काम के बाद जब वह अपने बेटे व बेटी के साथ गांव कलवाका के समीप सड़क किनारे वाहन का इंतजार कर रही थी तो एक तेज रफ्तार स्कूल बस के चालक ने उनको टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि घायलों की चीख दूर तक पहुंची। टक्कर मारकर चालक बस सहित मौके से फरार हो गया। घटना में 20 वर्षीया बर्फीना की मौके पर ही मौत हो गई। रसीदन व जाहिद गंभीर रुप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें रेफर कर दिया। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। केस दर्ज कर बस नंबर के आधार पर पुलिस चालक की तलाश कर रही है।
वहीं एक अन्य मामले में शहर थाना क्षेत्र एनएच-2 पर गांव अगवानपुर के समीप ऑटो की टक्कर से पलवल के शेखपुरा मोहल्ला निवासी लज्जावती घायल हो गई। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।