राजस्थानी शिल्प का कारोबार करने वाले युवती को दुकान दिलवाने के नाम पर आश्रय देकर एक युवक ने हवस का शिकार बना डाला। पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज कर महिला थाने की पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।
जयपुर मेें रहने वाली 25 वर्षीय महिला राजस्थानी शिल्प का कारोबार करती है। वह औद्योगिक नगरी में किराए की दुकान खोज रही थी। किसी ने उसे सराय ख्वाजा में रहने वाले दिनेश की खाली पड़ी दुकानों के बारे में बताया। बृहस्पतिवार को महिला अपने माता-पिता के साथ दिनेश के पास पहुंची। सराय मार्केट के पास स्थित होने की वजह से दिनेश ने दुकान का किराया तीस हजार रुपये प्रतिमाह बताया। महिला ने किराया बहुत ज्यादा होने की बात डील खत्म कर दी।
इस पर दिनेश ने उसे तिलपत रोड स्थित मवई, धीरजनगर में सस्ती दुकान दिखाने को कहा। दिनेश, महिला और उसके माता-पिता को रात करीब साढ़े आठ बजे दुकान दिखाने ले गया। दुकान दिखाने के बाद रात ज्यादा होने की बात कह उसने महिला को धीरज नगर स्थित उसके खाली घर में आराम करने को कहा।
महिला अपने माता-पिता के साथ उसके घर पर रुक गई। रात करीब दस बजे दिनेश ने महिला के माता-पिता को खाना खाने के लिए होटल भेज दिया। उनके निकलते ही दिनेश ने महिला के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर उसके दुष्कर्मकिया। माता-पिता के लौटने पर पीड़िता ने उन्हें सारी बात बताई तो आरोपी ने उनके साथ मारपीट की और रात में ही तीनों को घर से भगा दिया। एसएचओ महिला थाना इंस्पेक्टर सुशील ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।