सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत राजमार्ग पर बहरौला गांव के निकट एक टैंकर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पुलिस ने पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भिजवा दिया।
जांच अधिकारी लक्ष्मी नारायण ने बताया की गांव धौंज निवासी संजय व उसका भाई वीरेंद्र बाइक पर सवार होकर होडल से पलवल आ रहे थे। जब वे बहरौला के पास पहुंचे तो पीछे से तेज गति में आ रहे एक टैंकर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे वे दोनों सड़क पर जा गिरे। सड़क पर गिरते ही वीरेंद्र का सिर सड़क से टकराया तथा मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलने के बाद मृतक वीरेंद्र के शव को अस्पताल भिजवाकर पोस्टमार्टम कराने के बाद उसके परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस ने टैंकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार वीरेंद्र व संजय में से किसी ने भी बाइक चलाते समय हेलमेट नहीं पहना हुआ था।