सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत अलग-अलग हुई सड़क दुर्घटनाओं में छह वर्षीय बच्चे की मौत हो गई और दो व्यक्ति घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी संदीप मोर के अनुसार, गांव बघोला निवासी लाखन ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनका छह वर्षीय बेटा अभिषेक गांव के ही निजी स्कूल में पढ़ता था। रोजाना की तरह अभिषेक 15 फरवरी को स्कूल से पैदल घर आ रहा था। गांव में ही जब अभिषेक सड़क को पार कर रहा था तो उसे अज्ञात बाइक चालक ने टक्कर मार दी।
इससे अभिषेक की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया है। इसी प्रकार गांव सिकंदरपुर निवासी बलवीर को गांव निवासी राजवीर ने 30 दिसंबर 2016 को बाइक से टक्कर मार दी। वहीं, गांव मिंडकोला निवासी पितांबर ने शिकायत दी है कि 15 फरवरी को गांव किशोरपुर के पास उनके बेटे गौरव को अज्ञात बाइक चालक ने टक्कर मार दी। पुलिस ने शिकायतों के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।