एनएच-2 को छह मार्गीय करने के लिए अधिग्रहित की गई जमीन के उचित मुआवजे की मांग को लेकर किसानों का धरना प्रदर्शन चौथे दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अगर प्रशासन ने उनकी मांगें नहीं मांगी तो वह अपने परिजनों के साथ धरने पर बैठेंगे और अनशन भी करेंगे।
पूर्व जिला पार्षद पृथ्वी सिंह के नेतृत्व में कंपनी कार्यालय के समक्ष दिए जा रहे धरना प्रदर्शन में बैठे किसानों का कहना है कि राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा अधिग्रहित की गई जमीन के मामले को लेकर पहले भी प्रधानमंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा जा चुका है। राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा नए भूमि अधिग्रहण एक्ट के अनुसार मुआवजा वितरित नहीं किया गया है।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि जनवरी 2015 तक होडल के लगभग दो प्रतिशत लोगों को ही मुआवजा राशी दी गई है ,वह भी मात्र छह हजार रुपए प्रति वर्ग गज के हिसाब से। उनका कहना था कि अधिकारियों द्वारा उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिए जाने के कारण उन्हें धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होना पड़ा।
इस अवसर पर किसान हरवीर, चरणसिंह, श्याम, सतीश, बिजेन्द्र, मदन, महीपाल, जगदीश, रमेश, मनोज, रामगोपाल, यादराम, लच्छीराम व समुंद्र समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।