गांव मेवली निवासी एक 50 वर्षीय व्यक्ति को उसके ससुराल मीठाका से कुछ लोगों ने अगवा कर लिया। आरोप है कि अपहरण करने वालों ने बंधक बनाकर उसके परिजनों से दो लाख रुपये की फिरौती मांगी। पुलिस ने अगवा व्यक्ति के पुत्र की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। जिस नंबर से फोन आया था, पुलिस उस नंबर की डिटेल निकलवा रही है।
मंगलवार को मेवली निवासी 50 वर्षीय हाकम अपने गांव से बाइक पर सवार होकर ससुराल मीठाका गांव आए थे। बताया गया है कि वह वहां से किसी काम से बाबूपुर गांव के लिए निकले। गांव धीरंकी के समीप कार सवार अज्ञात लोगों ने उन्हें अगवा कर लिया।
अपहरणकर्ता बाइक को वहीं छोड़कर हाकम को अपने साथ कहीं अज्ञात स्थान पर ले गए। हाकम के पुत्र हामिद ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि अपहरणकर्ताओं ने हाकम के फोन से फोन करके दो लाख रुपये की फिरौती मांगी है। एसएचओ अजयवीर के अनुसार शिकायत पर केस दर्ज कर अगवा की तलाश की जा रही है। पुलिस मोबाइल की काल डिटेल निकलवा कर कई एंगल से मामले की तफ्तीश कर रही है।