निजी अस्पताल में उपचाराधीन बस पलटने से घायल श्रमिक।
- फोटो : अमर उजाला
एनएच-2 पर दुधौला मोड़ के समीप बुधवार की सुबह पृथला औधोगिक क्षेत्र के एक कारखाने के श्रमिको से भरी बस पलट गई। इस हादसे में 9 श्रमिक घायल हो गए। घायलों को शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बुधवार की सुबह राजमार्ग पर कोहरा था और दृश्यता कम थी। राजमार्ग पर इन दिनों छह मार्गीय परिवर्तित होने का काम चल रहा है।
इस कारण कई जगह पर सड़क सही नहीं है और समुचित ढंग से सड़क निर्माण एजेंसी ने दुर्घटना से बचाव के लिए कोई संकेतक भी नहीं लगा रखे हैं। इस कारण बस चालक को राजमार्ग पर बिछी सफेद पट्टी नजर नहीं आई और बस सड़क से नीचे उतर गई। बस पलटने से शोर मच गया। इस दौरान किसी ने तुरंत इमरजेंसी रेस्पांस सर्विस के टोल फ्री नंबर पर फोन कर दिया। कुछ देर बाद मौके पर एंबुलेंस पहुंच गई और घायलों को बस अड्डा चौक के पास स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया।
घायलों में महेश, कुलदीप, अनिल, नंद किशोर, सुखसिंह, आदेश, विवेक, राजेश शामिल हैं। मामले में फिलहाल पुलिस में कोई केस दर्ज नहीं किया गया है। सूचना मिलते के बाद संबंधित औद्योगिक इकाई के एचआर हेड व प्रबंधन के लोग मौके व अस्पताल पर पहुंचे और घायलों का हाल जाना।