कारों की टक्कर में एक की मौत, दो घायल
पलवल। गांव रसूलपुर के समीप दो कारों की भिड़ंत में कार सवार एक 35 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि पिता-पुत्र घायल हो गए। चांदहट थाना पुलिस ने घायल की शिकायत पर कार के अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जांच अधिकारी हवलदार लाल सिंह ने बताया कि इस मामले में गांव बेरका (गुरुग्राम) जय भगवान ने शिकायत दी है। उसने बताया कि वह अपने पिता प्रकाश व मौसा गांव सांपनकी नंगली निवासी जिलेराम को कार से 8 अप्रैल को गांव बड़ौली लेकर आया था। पीड़ित जब कार में अपने पिता व मौसा को लेकर घर वापिस आ रहा था। तो गांव रसूलपुर के समीप सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी कार को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद आरोपी कार सवार कार सहित मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने पीड़ित व उसके पिता व मौसा को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में दाखिल कराया। जहां पर पीड़ित के पिता जिले राम की मौत हो गई। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।