जहरीला पदार्थ खिलाकर की युवक की हत्या, चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज
हथीन। समीपवर्ती गांव अंधोप में एक युवक को जहरीला पदार्थ खिलाकर जान से मारने का मामला सामने आया है। थाना बहीन पुलिस ने युवक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर मृतक के परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मृतक के विसरा को जांच के लिए लैब भेज दिया है। जांच रिपोर्ट के बाद ही पता चल पाएगा कि युवक को कौन सा जहर देकर मारा गया है। पुलिस ने इस संदर्भ में मृतक युवक कुलदीप के पिता दीपचंद की शिकायत पर गांव के ही महावीर, सतीश, विजय एवं जीतू के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी अपनी शिकायत में दीपचंद ने बताया है कि 23 अप्रैल को जब वह अपने पशुओं को चारा डाल रहा था तो उसकी बेटी का फोन आया कि कुलदीप को किसी ने जहर खिला दिया है। जिस पर वह तुरंत घर पहुंचा और देखा कि कुलदीप की हालत खराब है। दीपचंद एवं परिजन तुरंत ही उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में ले गए। जहां से डॉक्टरों ने सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। दिल्ली ले जाते समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। कुलदीप के पास से एक पत्र भी मिला है जिसमें उसने लिखा है कि उक्त चारों युवकों ने उसे अपने घर पर बुलाया और जबरदस्ती जहर खिला दिया है। परिजनों ने उक्त पत्र पुलिस को सौंप दिया है। बहीन थानाध्यक्ष नवल किशोर ने बताया कि मृतक के पिता की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पत्र को जांच के एक्सपर्ट के भेजा जाएगा। वहीं पुलिस सुरक्षा में युवक की लाश का अंतिम संस्कार किया गया। जिन लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है वे पड़ोस में ही रहते हैं। अभी तक कोई दुश्मनी की बात सामने नहीं आई है। थाना प्रभारी का कहना है कि सभी तथ्यों की गहराई से जांच की जा रही है।