शराब ठेके के सेल्समैन की गोली मारकर हत्या
पलवल। गांव जनौली में शराब ठेके पर बैठे सेल्समैन को बाइक सवार तीन युवकों ने आकर गोली मार दी। सेल्समैन को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे सफदरजंग दिल्ली अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। दिल्ली में उपचार के दौरान सेल्समैन की मौत हो गई। पुलिस ने तीन बाइक सवार युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
गांव अलावलपुर निवासी 25 वर्षीय दीनदयाल ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि जनौली शराब ठेके पर उसके साथ गांव जनौली निवासी योगेश और सुरेश बैठे बातें कर रहे थे। उसी दौरान मोटरसाइकिल पर आए तीन युवकों में शामिल गांव जनौली निवासी अमित कुमार ने धड़ाधड़ गोलियां बरसाना शुरू कर दिया। इसमें एक गोली योगेश की पीठ पर लगी। गोली मारने के बाद तीनों बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां इक ट्ठा हो गए। इसके बाद सभी घायल योगेश को एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत रेफर कर दिया। दिल्ली ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान मंगलवार सुबह उसकी मौत हो गई। सदर एसएचओ सब इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह ने बताया कि गांव जनौली निवासी अमित कुमार सहित तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।