महिला की गला दबाकर हत्या, दहेज हत्या का मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। गांव धतीर में दहेज की मांग को लेकर एक महिला की गला दबाकर हत्या कर दी गई। सदर थाना पुलिस ने पति सहित ससुराल पक्ष के 4 लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा शव परिजनों के हवाले कर दिया।
गांव जट्टारी अलीगढ़ निवासी मृतक महिला के भाई राजकुमार ने बताया कि उसकी बहन कुुमकुम उर्फ कीर्ति की शादी वर्ष 2009 में गांव धतीर निवासी सतीश के साथ की थी। शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर ससुराल पक्ष के लोग प्रताड़ित करने लगे। जिसको लेकर कई बार पंचायत के माध्यम से दोनों पक्षों में सुलह भी हुई। ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए उसकी बहन को प्रताड़ित करते रहे। बुधवार को कुमकुम के पति सतीश, ससुर बलराम, देवर सुनील व अनिल ने कुमकुम की गला दबाकर हत्या कर दी और परिजनों को बिना बताए अंतिम संस्कार करने के लिए शमशान घाट ले गए। सूचना मिलने पर मृतका के परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को मामले की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने अंतिम संस्कार की प्रक्रिया को रुकवाकर महिला के शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए पलवल सिविल अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया।