गोली मारकर हत्या करने वाले नकाबपोश पुलिस के हत्थे चढ़े
- पूरे दिन अस्पताल परिसर में लगा रहा पुलिस और नेताओं का जमावड़ा
- युवक की गोली मार कर हत्या करने का मामला
पलवल। गांव टीकरी ब्राह्मण में सलमान नामक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को बृहस्पतिवार की शाम गिरफ्तार कर लिया है। इन्हें शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस ने इस मामले में औरंगाबाद निवासी राहुल व उसकी मौसी के बेटे गांव के ही हरेंद्र उर्फ भूरा को गिरफ्तार किया है।
इससे पहले नागरिक अस्पताल में बृहस्पतिवार को शव का पोस्टमार्टम न होने देने की जिद पर अडे़ परिजनों के कारण दोपहर तक माहौल गरम रहा। सुबह से ही अस्पताल परिसर में नेताओं और पुलिस अधिकारियों का जमावड़ा लगा रहा। एक ओर परिजन आरोपियों के न पकड़े जाने तक पोस्टमार्टम न कराने की जिद पर अड़े रहे। वहीं दूसरी ओर पुलिस अधिकारी सुरक्षा की दृष्टि से परिसर में तैनात रहे। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अस्पताल से लौटते ही पुलिस कप्तान ने टीम गठित कर जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने के आदेश दिए। जिसके बाद मात्र तीन घंटे में ही अपराध जांच शाखा ने हत्या के आरोपी दोनों नकाबपोशों को गिरफ्तार कर लिया। सीआईए टीम के प्रभारी सुरेश भड़ाना व पुलिस कप्तान विनोद कौशिक ने बताया कि आरोपियों को अदालत में शुक्रवार को पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा तथा उनसे गहनता से पूछताछ की जाएगी।
सांत्वना देने में पहुंचे विधायक करण सिंह दलाल: अस्पताल में कांग्रेस विधायक करण सिंह दलाल मृतक के परिजनों को सांत्वना देने के लिए अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने को कहा। इसके बाद अस्पताल में पूर्व सिंचाई मंत्री हर्ष कुमार, हथीन के विधायक केहर सिंह रावत, क्षत्रिय सभा के अध्यक्ष राम बाबू खंगारौत, मुस्लिम वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष हाजी यूनुस अहमद भी अस्पताल में पहुंच गए। उन्होंने लोगों से किसी भी तरह का विवाद न खड़ा करने की अपील की। इसके अलावा लोगों की मांग को देखते हुए पुलिस कप्तान विनोद कौशिक ने अस्पताल में आकर मृतक के परिजनों आश्वासन दिया कि वह तीन दिनों में ही हत्या आरोपियों गिरफ्तार कर लेंगे। इसके बाद मृतक के परिजन पोस्टमार्टम कराने को राजी हुए। पुलिस ने पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया।
यह था मामला
बुधवार की देर सांय 20 वर्षीय सलमान घर से खाना खाकर बाहर टहलने के लिए निकला था। तभी बाइक सवार नकाबपोश दो युवक घर पर आए और उन्होंने सलमान के बारे में पूछा। जब उन्होंने सलमान के घर पर नहीं होने की बात कही तो उन्होंने उनसे सलमान का मोबाइल नंबर मांगा और वहां से चले गए। जिसके बाद उन्होंने सलमान को फोन किया तो सलमान ने बताया कि वह गांव के बस स्टैंड पर टहलने के लिए आया है। इसके बाद आरोपियों ने ब स्टैंड पहुंच सलमान की छाती में गोली मार दी और मौके पर से फरार हो गए। गोली लगने पर सलमान गंभीर रूप से घायल हो गया। उसको नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोपियों को गांव में आने से रोकना युवक को पड़ा भारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में इस बात का खुलासा किया है कि सलमान ने उनको गांव आने से रोका था। आरोपियों ने बताया कि आरोपियों में से एक का सलमान के गांव एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। यह बात सलमान को पता चली तो उसके नाकवार गुजरी। उसने आरोपियों को युवती के साथ देखने पर एक बार पहले भी मारपीट कर गांव से भगा दिया था। इसी बात की रंजिश पाले आरोपियों ने बुधवार को सलमान की हत्या कर दी। आरोपियों ने बताया कि वह पहले सलमान के घर गए थे, लेकिन सलमान घर नहीं मिला तो वह नंबर लेकर फोन से पता लगाकर उसके पीछे बस स्टैंड पहुंच गए। इसके बाद उन्होंने सलमान को गोली मार दी। पुलिस कप्तान ने बताया कि पुलिस आरोपियों से गहनता से जांच कर रही है। अभी इस बात की जानकारी जुटाई जा रही है कि इन दोनों आरोपियों के पास पिस्तौल कहा से आई। इस पिस्तौल को देने वाला कौन है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।