अवैध दवाइयां बेचने पर स्टोर सील
पलवल। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापेमारी कर एक मेडिकल स्टोर से गर्भपात से संबंधित अवैध दवाइयां बरामद कर मेडिकल स्टोर को सील कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के बयान पर कैंप थाना पुलिस ने मेडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पलवल-अलीगढ़ रोड स्थित मार्केट में उस समय हड़कंप मच गया जब भारी पुलिस फोर्स के साथ स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मेडिकल स्टोर से गर्भनिरोधक दवाइयों को बरामद कर मेडिकल स्टोर को सील कर दिया। डिप्टी सीएमओ संजय कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि सौरभ नामक मेडिकल स्टोर पर अवैध रूप से गर्भपात गर्भनिरोधक दवाइयां बेची जा रही है। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मंगलवार देर शाम पलवल अलीगढ़ मार्ग स्थित सौरभ मेडिकल स्टोर पर छापा मारा, जहां से गर्भपात कराने वाली गर्भनिरोधक दवाइयां की दो किट बरामद हुई।
डिप्टी सीएमओ ने बताया कि टीम ने एक महिला कर्मचारी को ग्राहक बनाकर 1000 रुपए के नोटों पर हस्ताक्षर कर मेडिकल स्टोर पर गर्भनिरोधक दवाई लेने के लिए भेज दिया। मेडिकल स्टोर संचालक ने उ़से दवाई दे दी, दवाई मिलते ही कर्मचारी महिला ने टीम को इशारा कर दिया। इशारा होते ही टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मेडिकल स्टोर संचालक को पकड़ लिया और उससे हस्ताक्षर किए हुए नोट भी बरामद कर लिए। टीम ने मेडिकल स्टोर से अवैध रूप से रखी हुई गर्भपात की दवाइयों की दो किट भी अपने कब्जे में ले ली और मेडिकल स्टोर को सील कर दिया।
उन्होंने बताया कि मेडिकल स्टोर संचालक अवैध रूप से गर्भपात करने की गर्भनिरोधक दवाइयों को जिनका मूल्य 400 रुपए है। उन्हें काफी समय से 800 से 1500 रुपए में बेच रहा था।