दहेज के लिए हत्या, मामला दर्ज
हथीन। समीपवर्ती गांव कोट में दहेज हत्या का मामला सामने आया है। बहीन थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। शबनम नामक महिला की इलाज के दौरान नल्हड़ के मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। पिता अरशद का आरोप है कि दहेज के लिए बेटी की हत्या की गई है। मृतका के पिता अरशद ने बताया कि शबनम की शादी कोट गांव के नसीहत के साथ करीब 6 साल पहले की थी। अपनी हैसियत के मुताबिक दहेज भी दिया लेकिन ससुराल पक्ष के लोग शादी के बाद से ही उनकी लड़की के साथ दहेज के लिए मारपीट करने लगे। लड़की को तीन दिन पहले ही ससुराल कोट में छोड़कर आए थे। मृतका के पिता ने बताया कि रात में दामाद नसीहत ने फोन पर उनकी बेटी को जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद उनकी बेटी के साथ ससुराल पक्ष के लोगों ने मारपीट की। पिता अरशद ने बताया पिटाई के बाद आरोपियों ने शबनम को जहर देकर मार दिया। शबनम को नल्हड़ मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शबनम की दो बेटियां भी हैं जिनमें एक आठ माह की मासूम भी है। एसएचओ बहीन रामदयाल कौशिक ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तरफ से नसीहत, हैदर, यूसुफ, लियाकत एवं दो अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। लाश का पोस्टमार्टम करा दिया गया है और उसे मृतका के परिजनों को सौंप दिया गया है।
मेहरचंद गहलोत का हुआ नागरिक अभिनंदन
हथीन। हथीन के हुडा हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की मार्केट में रविवार को स्थित श्रीराम युवा संगठन के कार्यालय पर हरियाणा सरकार में नवनियुक्त पशुधन विकास बोर्ड के वाइस चेयरमैन मेहरचंद गहलोत का नागरिक अभिनंदन किया गया। इस मौके पर श्रीराम युवा संगठन के पदाधिकारियों ने उन्हें इलाके की समस्याओं के बारे में भी अवगत कराया। इस अवसर पर बीजेपी के जिला महासचिव जय सिंह चौहान, बीजेपी चुनाव प्रबंधन कमेटी के जिला सह-संयोजक सूरज पांडे, समरसता सेल के जिला प्रधान मोतीराम शर्मा, पार्टी विस्तारक कमल सौरोत, किशन सिंह तेवतिया और सरदार शर्मा ने पगडी बांधकर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इस अवसर पर श्रीराम युवा संगठन के प्रधान अनिल कौशिक, गौ रक्षा ट्रस्ट के प्रधान सतवीर सिंह रावत, गौ रक्षा प्रमुख ललित तेवतिया, गौरक्षा दल के जिलाध्यक्ष भारतभूषण, छायंसा गांव के प्रधान नरेश उर्फ कालू, धीरज स्वामीका, दीपक स्वामीका, हरकेश यादव, विष्णु आदि भी मौजूद रहे।