होडल में पुलिस ने दो कारों से बरामद की 32 लाख रुपये की राशि
होडल। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर करमन सीमा पर पुलिस द्वारा की जा रही वाहनों की जांच के दौरान दो कारों से करीब 32 लाख रुपये की राशि बरामद की गई है। वाहन सवारों द्वारा राशि के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दे पाने पर पुलिस ने बरामद नकदी को सरकारी कोष में जमा करा दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार करमन सीमा पर पुलिस कर्मी वाहनों की जांच कर रहे थे तभी एक डस्टर कार आई। जब पुलिस ने रुकवाकर उसकी जांच की तो उसमें से 24.12 लाख रुपये की राशि बरामद हुई। पुलिस ने कार में सवार सोनीपत जिले के सुभाष कौशिक, नरेला निवासी जिले सिंह, नरेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह से जब पूछताछ की तो बताया कि उन्होंने जमीन बेची थी तथा उसके पैसे बैंक से निकालकर ले जा रहे थे। पुलिस ने जब उनसे रसीद मांगी तो वे पेश नहीं कर सके तथा न ही कोई संतोषजनक जवाब दे सके। पुलिस ने राशि को जब्त कर लिया।
वहीं पुलिस ने करमन सीमा पर ही एक टोयटा कोरला कार को रुकवाकर जांच की तो उसमें से 8.30 लाख रुपये की राशि बरामद की गई। पुलिस ने जब कार में सवार जौनपुर निवासी अरुण श्रीवास्तव व चालक हबीब से पूछताछ की तो बताया गया कि वे पोली प्लास्टर कंपनी में काम करते हैं तथा व्यापारियों से सामान की पेमेंट लेकर आ रहे हैं। जब पुलिस ने दोनों से इसकी कोई रसीद व बिल मांगे तो वे कोई बिल नहीं दिखा सके। जिसके बाद पुलिस ने राशि को जब्त कर लिया। ज्ञात हो कि होडल थाना क्षेत्र में पुलिस द्वारा अभी तक 15 दिन में करीब एक करोड़ रुपये की राशि बरामद की जा चुकी है।