राजमार्ग पर लूटपाट कर कैंटर चालक की गोली मारकर हत्या, परिचालक को पीटा
पलवल। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर रास्ता पूछने उतरे ट्रक चालक और परिचालक से बदमाशों ने हथियार दिखाकर लूट की। लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने चालक की गोली मार कर हत्या दी इसके बाद परिचालक की भी पिटाई कर दी। सदर थाना पुलिस ने डकैती व हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराकर सिविल अस्पताल में रखवा दिया है।
सदर थाना प्रभारी एसआई कुलदीप सिंह ने बताया कि पंजाब के जिला तरनतारन के थाना खंडूर के गांव जहांगीर निवासी तरजेन्द्र सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि वह ट्रक पर परिचालक है। ट्रक पर पंजाब के बंडाला हिन्दू पट्टी निवासी काबिल सिंह बतौर सहायक चालक था। 26 अप्रैल को रायपुर से चंडीगढ़ के लिए सामान लोड करके चले। सोमवार की रात करीब साढे़ दस बजे आगरा-दिल्ली रोड पर गांव अंटोहा केएमपी के रास्ते मानेसर जाने के लिए ट्रक रोककर पलवल इंटरचेज पर खडे़ व्यक्ति से नीचे उतरकर रास्ता पूछने लगा। इसी दौरान दो युवक खेतों की ओर से आए और पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए खेतों में ले गए। खेतों में मारपीट कर तरजेन्द्र की जेब से 500 रुपये और काबिल सिंह से 35 हजार रुपये व दो मोबाइल फोन लूट लिए। लूट के दौरान खेतों से तीन-चार व्यक्ति और आते दिखाई दिए तो शोर मचा दिया। शोर मचाने पर एक युवक ने परिचालक के मुंह पर पंच और दूसरे ने काबिल सिंह की छाती में गोली मार दी। इसी दौरान तीन-चार व्यक्ति भी आ गए और उन्होंने ने भी मारना पीटना शुरू कर दिया। मारपीट का शोर सुनकर बचाओ-बचाओ की आवाज लगाई तो एक व्यक्ति को आता देख सभी हमलावर खेतों की ओर भाग गए। शोर सुनकर आए व्यक्ति ने बताया कि वह बिहार के गोपाल गढ़ का रहने वाला अशोक प्रसाद ट्रक चालक हूं। केएमपी इंटरचेज पर ट्रक रोककर वहां खडे़ युवकों से रास्ता पूछा तो उन्होंने मारपीट कर 11 हजार रुपये लूट लिए। तुम्हारा शोर सुनकर के लुटेरे मुझे छोड़कर तुम्हारी ओर चले गए। गोली लगने से घायल काबिल सिंह को तरजेन्द्र और अशोक प्रसाद इलाज के लिए अस्पताल लाने लगे तो काबिल सिंह ने खेतों में ही दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।