अनियंत्रित होकर ऑटो पलटा 12 साल के बच्चे की मौत
पलवल। अलावलपुर चौकी के नजदीक देर रात एक मवेशी को बचाते हुए तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। इसमें ऑटो चालक और ऑटो में बैठे उसके 12 साल के बच्चे को गंभीर चोटें आई। दोनों को उपचार के लिए एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान ऑटो चालक के बच्चे ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया।
जांच अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार की देर रात करीब 2 बजे एक ऑटो के पलटने की सूचना अलावलपुर चौकी को मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो एक ऑटो पलटा हुआ था। इसमें ऑटो चालक घायल अवस्था में सड़क पर पड़ा हुआ था और एक बच्चा ऑटो के नीचे दबा हुआ था। पुलिस ने आनन फानन में ऑटो चालक और बच्चे को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां बच्चे की मौत गई। बताया जा रहा है कि दोनों अपने रिश्तेदार के घर मोहना से वापस अपने घर होडल के लिए जा रहे थे। अचानक एक नील गाय ऑटो के सामने आ गई और ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया।