टायर के शोरूम पर बदमाशों ने बरसाई गोलियां
होडल। हसनपुर सड़क मार्ग स्थित गांव बेढा के समीप शुक्रवार की रात अज्ञात बदमाशों ने एक टायर के शोरूम पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। रात के समय अचानक हुई फायरिंग की आवाज सुनते ही शोरूम के पीछे रह रहे दुकान मालिक का परिवार दहशत में आ गया। जब तक परिवार के सदस्य कुछ समझ पाते तब तक बदमाश अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए। घटना शुक्रवार की रात लगभग 11 बजे की गई। शोरूम मालिक ने घटना की सूचना थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मौके से गोलियों के दो खोल बरामद किए हैं। पुलिस ने फायरिंग करने वाले बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। बेढा पटटी निवासी बृजभूषण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बेढा चौक के निकट ही वह टायर का शोरूम चलाते हैं। बीती देर रात लगभग 11 बजे अज्ञात बदमाशों ने उनके शोरूम पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। रात के समय अचानक गोली चलने की आवाज सुनते ही उनका परिवार डर गया।