एनएच-2 पर गांव मीतरोल के समीप स्थित पेट्रोल पंप के मैनेजर से कार सवार पांच बदमाशों ने गन प्वाइंट पर 10.26 रुपये लूट लिए। पेट्रोल पंप के मैनेजर एक अन्य कर्मचारी के साथ कार से बैंक में रुपये जमा कराने जा रहे थे। बदमाशों ने अपनी कार मैनेजर की कार के आगे अड़ा कर रुकवा ली और डंडों से हमला कर व तमंचा दिखाकर रकम लूटकर फरार हो गए।
आकाश फिलिंग स्टेशन (पेट्रोल पंप) के इंचार्ज सत्यपाल ने बताया कि उनके पेट्रोल पंप पर शनिवार व रविवार दो दिन का कैश रुका हुआ था। पेट्रोल पंप मैनेजर गजेंद्र पुत्र रंगलाल व एक कर्मी लोकेश पुत्र रघुराज 10 लाख 26 हजार रुपये की रकम अपनी सेंट्रो कार से इंडियन ओवरसीज बैंक में जमा कराने जा रहे थे। शिकायत के अनुसार गजेंद्र व लोकेश नगदी को लेकर पंप से 12.28 बजे निकले थे।
वह पंप से निकले ही थे कि तभी श्रीनगर गांव के समीप पांच मिनट बाद, 12.33 बजे स्लेटी रंग की इनोवा कार में सवार होकर पांच युवक आए। इनमें से एक युवक ने मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ था। उन्होंने अपनी इनोवा कार उनकी कार के आगे लगाकर रुकवा ली। वे कुछ समझ पाते इतनी ही देर में उनकी कार पर डंडो से हमला कर दिया गया। गन प्वाइंट पर गजेंद्र से उन्होंने रुपयों से भरा बैग लूट लिया व हवाई फायर कर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस व उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मौका-मुआयना कर कार्रवाई शुरू कर दी है। कार नंबर व सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। सदर थाना एसएचओ राजकुमार का कहना है कि संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है, शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।