पलवल। गांव गोपीखेड़ा स्थित आमीन अर्थ मूवर्स फर्म कार्यालय पर रविवार रात आधा दर्जन लोगों ने धावा बोलकर दिया और वहां खड़ी जेसीबी व अन्य गाड़ियां ले जाने की कोशिश की। वहां मौजूद असलम ने चाबी देने से मना किया तो हमलावरों ने गोली मार दी और फरार हो गए। घायल असलम को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास व डकैती के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है, जिसमें तीन लोग नामजद हैं।
चांदहट थाना प्रभारी रामचंद जाखड़ ने बताया कि घाघोट निवासी आमीन का गोपीखेड़ा में आमीन अर्थ मूवर्स फर्म का कार्यालय है। वहां दो जेसीबी, सात ट्रैक्टर ट्राली, एक स्विफ्ट कार खड़ी रहती है। रविवार रात वहां उनके पुत्र साहिल, जाहिद, जेसीबी चालक असलम आदि सो रहे थे। उसी रात गोपीखेड़ा गांव निवासी किल्लू, गुल्लू व हरेंद्र अपने चार-पांच साथियों के संग दरवाजा तोड़कर कार्यालय के अंदर घुस गए। अंदर घुसते ही हमलावरों ने तोड़फोड़ शुरू कर दी। वहां मौजूद असलम से हमलावरों ने जेसीबी व अन्य गाड़ियों की चाबी मांगी। मना करने पर हमलावरों ने असलम पर गोली चला दी। सीने में गोली लगने से असलम बुरी तरह घायल हो गए।
उधर, गोली चलने की आवाज सुनकर साहिल व जाहिद तथा दोनों चालक भी वहां पहुंच गए। उन्होंने एक आरोपी किल्लू को पकड़ लिया। मगर उसने गोली चलाने की कोशिश की, जिससे सभी डर गए। तभी आरोपी किल्लू छूटकर भाग गया। हमलावरों के भागने के बाद साहिल ने फोन पर आमीन को सूचना दी। कुछ ही देर में अमीन ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे और असलम को एक निजी अस्पताल में ले जाकर भर्ती करा दिया। थाना प्रभारी रामचंद्र का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।