डीएसपी मुख्यालय अनिल कुमार ने बताया कि 20 फरवरी को नागल ब्राह्मण गांव निवासी धर्मबीर ने शिकायत दी थी कि वह गुडियर कंपनी से रिटायर हैं। उनका बेटा संजय कुमार थाईलैंड में नौकरी करता है और घर खर्च के लिए उनके बैंक खाते में पैसे भेजता रहता है। बेटे ने हाल ही में उनके खाते में एक लाख रुपये डाले थे। दस फरवरी को धर्मबीर अलावलपुर चौक स्थित पंजाब नेशनल बैंक से 40 हजार रुपये निकालने आए थे।
पैसे निकालने के बाद जब वह घर जाने लगे, तो दो युवक उनके पास आए और बातों में उलझाकर उन्हें पलवल रेलवे स्टेशन की तरफ ले गए। वहां पर दोनों ने उन्हें जूस पीने के लिए दिया। जब धर्मबीर ने जूस पीने से मना किया, तो युवकों ने जबरदस्ती उन्हें जूस पिला दिया। जूस में कोई नशीला पदार्थ मिला हुआ था, जिसके बाद वह बेहोश हो गया। जिसके बाद आरोपी उनके पैसे लेकर फरार हो गए। कैंप थाना पुलिस ने बुजुर्ग व्यक्ति की शिकायत पर 20 फरवरी को अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी।
बुजुर्ग को बनाते थे शिकार
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पहले वे बैंकों की रेकी करते थे और जो बुजुर्ग बैंक से अधिक रुपया निकालता तो उसका पीछा कर और बातों में उलझाकर उनसे जान पहचान करते। इसके बाद जूस आदि पेय पदार्थ में नशीला पदार्थ मिलाकर बुजुर्ग को पिला देते। जिसके बाद वह बेहोश हो जाता तो वे लूट की वारदात को अंजाम देते।
प्रदेशभर में 27 मामले है दर्ज
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि इससे पहले वे हरियाणा के जिला कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, करनाल, अम्बाला, कैथल व पंचकुला आदि के विभिन्न थानों में इस प्रकार की लूट की ढाई दर्जन (27) वारदातों को अंजाम दे चुके है। जिला पलवल में उनकी यह पहली वारदात थी। पुलिस ने आरोपियों से लूटे हुए पैसे बरामद करने व गैंग के अन्य सदस्यों के बारे में पूछताछ के लिए अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है।