कोरोना संदिग्ध की मौत, 22 और लोग संक्रमित
पलवल। जिले में एक कोरोना संदिग्ध की मौत हो गई है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि व्यक्ति को लीवर की समस्या थी और उसका गुर्दा खराब हो गया था। इसलिए उसे क्यूआरजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बृहस्पतिवार को हालत बिगड़ने पर उसे सफदरजंग अस्पताल में रेफर किया गया था, जिसने शुक्रवार को दम तोड़ दिया। इस व्यक्ति की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जाएगा। यशपाल डेंबला (43) सब्जी मंडी में आढ़ती था और हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहता था।
उधर जिला सिविल सर्जन डॉ. ब्रह्मदीप सिंह ने बताया कि शुक्रवार को जिले में 22 नए कोरोना मरीज मिले हैं। उन सभी को उपचार के लिए कोविड अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है तथा उनके संपर्क में आए लोगों की पहचान कर उनके सैंपल लिए जा रहे हैं। पलवल में अब कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 179 हो गई है। जिनमें से 70 लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं। इन मरीजों में चार होसंगाबाद, दो हुडा सेक्टर, दो पलवल, 2 जवाहर नगर कैंप, 2 शमशाबाद, एक कल्याण एंक्लेव, सिविल लाइन में एक, लकी विहार में एक, गांव घोेड़ी में एक, प्रकाश विहार में एक, बहीन में दो, देव नगर कॉलोनी में एक और कैलाश नगर में दो मिले हैं ।
उन्होंने बताया कि जिले में 23 व्यक्ति आइसोलेशन वार्ड में भर्ती हैं। उन्होंने बताया कि 278 सैंपल की रिपोर्ट का इंतजार है। 6,852 की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि कोरोना के खिलाफ जंग में स्वास्थ्य विभाग व जिला प्रशासन का साथ दें। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें तथा घर से निकलने के बाद दूरी बनाकर रखें। घर से मास्क पहनकर निकले।
----------
कोरोना पॉजिटिव गर्भवती महिला की सफल डिलीवरी
पलवल। नागरिक अस्पताल पलवल के चिकित्सक और स्टाफ ने एक कोरोना पॉजिटिव महिला की सफल डिलीवरी करवाई।
दोनों ही इस समय पूर्णतया स्वस्थ हैं और रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। सिविल सर्जन डॉ. ब्रह्मदीप सिंह ने मां और बच्चे दोनों को बधाई दी तथा साथ ही डिलीवरी करवाने वाले चिकित्सक व अन्य स्टाफ के कार्य की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि कोरोना काल के दौरान चाहे जैसी भी परिस्थिति आए हमें अपने कर्तव्य को हर हाल में निभाना है।