मोटरसाइकिल सवारों ने आभूषण एवं नकदी लूटी
हथीन। गांव पहाड़ी के पास दिनदहाड़े मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने एक दंपति से आभूषण व 26 हजार रुपये लूट लिए। बहीन थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार होडल के रेलवे रोड पर रहने वाला भरतवीर ने मुकदमा दर्ज कराया है कि वह अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल पर 34 हजार रुपये के आभूषण व 26 हजार रुपये नकद लेकर हथीन से होडल जा रहा था। पहाड़ी गांव के पास भट्टों के निकट पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाश आए, उन्होंने मारपीट करके आभूषण और नकदी लूट ली और फरार हो गए। पीड़ितों ने इस संदर्भ में बहीन थाना पहुंचकर जानकारी दी। थाना प्रभारी रामबीर डागर ने घटनास्थल पर जांच के बाद नाकाबंदी की, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नही लग पाया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज करके बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई है। संवाद