पलवल। विवाह जैसे सामाजिक कार्यक्रमों में कोरोना गाइडलाइन की अवहेलना भारी पड़ सकती है। मास्क लगाने और शारीरिक दूरी का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ जुर्माना लगाया जाएगा। इसके लिए पुलिस ने जांच अभियान शुरू कर दिया। बैंक्वेट हाल में आयोजित कार्यक्रमों में छापा मारकर चेतावनी दी जा रही है कि वे कोरोना गाइडलाइन का पालन करें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई से गुजरना पड़ेगा। शुक्रवार को पुलिस ने बैंक्वेट हाल में आयोजित कार्यक्रमों में लोगों को जागरूक किया।
दिल्ली एनसीआर के साथ-साथ पलवल में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। गुरुग्राम व फरीदाबाद के नजदीक पलवल को भी हॉट स्पॉट घोषित किया हुआ है। विवाह के कार्यक्रमों में बाहरी जिलों से भीड़ आने लगी है, जिससे कोरोना का खतरा और बढ़ गया है। पुलिस बैंक्वेट हाल, होटलों आदि में जाकर लोगों की संख्या, मास्क व सैनिटाइजर आदि नियमों के बारे में जागरूक कर रही है। नियमों का अवहेलना करने वालों को फिलहाल चेतावनी दी जा रही है। भवन कुंड चौकी प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि विवाह समारोह में 50 से अधिक लोग शामिल होने अनुमति नहीं है, वहीं फार्म हाउसों में आयोजित कार्यकमों में 100 लोग ही शामिल हो सकते हैं। इस दौरान मास्क लगाना, सैनिटाइजर का इस्तेमाल, शारीरिक दूरी का पालन किया जाना अनिवार्य है।