पलवल। पूर्व मंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता करण सिंह दलाल की अध्यक्षता में सोमवार को विश्रामगृह में एक बैठक आयोजित हुई। इस दौरान पेट्रोल और डीजल के बढ़ते दामों पर चिंता जताते हुए विरोध-प्रदर्शन की रूपरेखा तैयार की गई। जिसके तहत 24 फरवरी को होडल, 25 फरवरी को हथीन और 26 फरवरी को पलवल में प्रदर्शन किया जाएगा।
पूर्व मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार के शासन में महंगाई चरम पर है। पेट्रोल व डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। किसान व आम लोगों का वाहन चलाना मुश्किल हो रहा है। एक तरफ भाजपा सरकार लोगों को जाति-धर्म के नाम पर बांटने का काम कर रही है, वहीं कृषि कानूनों के माध्यम से किसानों को कुचलने का प्रयास कर रही है। सरकार पूरी तरह से फेल हो चुकी है, लेकिन हिटलरशाही कर जनता पर महंगाई का बोझ बढ़ा रही है। अब सरकार के खिलाफ पलवल जिले से आंदोलन शुरू कर चेताने का काम किया जाएगा। जिसके तहत 24 फरवरी को होडल में पूर्व विधायक उदयभान, 25 फरवरी को इसराइल खान व 26 फरवरी को पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल के नेतृत्व में पलवल में प्रदर्शन किया जाएगा। जिसके बाद उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस मौके पर मोहम्मद बिलाल, पूर्व पार्षद कृष्ण ठाकुर, यशपाल मावई, पूर्व जिला पार्षद ईसाब खान, महेंद्र, इरफान, डॉ. वीरेंद्र आदि मौजूद रहे।