हरियाणा कांग्रेस प्रभारी व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव डॉ. शकील अहमद ने कहा कि कांग्रेस अमन-शांति के साथ देश और हरियाणा की तरक्की चाहती है। कांग्रेसी समाज को जोड़ने का काम करते हैं।
वह बुधवार को नूंह में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उनके यहां पहुंचने पर बैठक एक बड़ी जनसभा में तब्दील हो गई, जिसके लिए उन्होंने नूंह के विधायक व जिला कांग्रेस अध्यक्ष आफताब अहमद को बधाई दी।
इससे पूर्व प्रदेश कांग्रेस की सह-प्रभारी व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सचिव आशा कुमारी ने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार ने मेवात क्षेत्र के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा कि अब यहां दिल्ली के समान सड़कें बन गई हैं।
उन्होंने पिछले साढ़े आठ वर्षों में मेवात क्षेत्र में करवाए गए विकास कार्य लोगों को याद करवाए। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष फूलचंद मुलाना ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि राहुल गांधी चाहते हैं कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बूथ लेवल तक कमेटियां बनाकर पार्टी की नीतियों और कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाया जाए।
इसलिए हमारा फर्ज है कि हम कांग्रेस पार्टी की सरकार की उपलब्धियों का प्रचार करें। इसके साथ मुलाना ने केंद्र सरकार द्वारा लिए गए अहम फैसलों की भी तारीफ की।
उन्होंने इनेलो प्रमुख ओमप्रकाश चौटाला पर भी हमले किए। जनसभा में मुख्यमंत्री के राजनैतिक सलाहकार प्रो. विरेंद्र ने मेवात जिला सहित दक्षिण हरियाणा में हुड्डा सरकार द्वारा करवाए गए कार्य गिनवाए। पूर्व मंत्री खुर्शीद अहमद ने कहा कि हुड्डा ऐसे व्यक्ति हैं, जो किसी का बुरा नहीं चाहते। श्री खुर्शीद अहमद अपने भाषण में भावुक हो उठे। नूंह के विधायक आफताब अहमद, सोहना से विधायक धर्मबीर ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
टिकट के लिए जोड़ तोड़ शुरू
गुड़गांव के सांसद राव इंद्रजीत सिंह के कांग्रेस छोड़ने के ऐलान के साथ ही इस लोक सभा क्षेत्र की सीट से टिकट की दावेदारी शुरू हो गई है।
बुधवार को हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी डॉक्टर शकील अहमद के नूंह पहुंचने पर यह नजारा देखने को मिला। मंच से वक्ताओं ने खुलकर संसदीय चुनाव के लिए गुड़गांव सीट से आफताब अहमद को टिकट देने की पैरवी की।
उन्हें यहां तक कहा कि उन्हें टिकट मिलने पर यहां से जिताकर संसद में भेजेंगे। इसके साथ कुछ लोगों ने आफताब अहमद को हुड्डा मंत्रिमंडल में शामिल करने की भी पैरवी की।
इस पर शकील अहमद ने कहा कि मंच से आफताब अहमद को टिकट देने की बात कही गई है, जिसे वे पार्टी हाईकमान तक अवश्य पहुंचाएंगे।