दीपेंद्र हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस का पैदल मार्च
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों के विरोध में मंगलवार को होडल में कांग्रेस ने वोट चोर, गद्दी छोड़, वोट बचाओ-देश बचाओ के नारे के साथ प्रदर्शन किया। कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व और पूर्व विधायक उदयभान की अध्यक्षता में कार्यकर्ताओं ने आंबेडकर भवन से चरण सिंह चौक घंटाघर तक पैदल मार्च निकाला। इस दौरान भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की गई और ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका गया।
प्रदर्शन के दौरान सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने भाजपा पर निशाना साधा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनावी प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों को लेकर विरोध जताया। उन्होंने कार्यकर्ताओं और आम लोगों से एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली रैली में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया।
उदयभान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की पोल पूरी तरह खुल चुकी है और अब पाप का घड़ा भर चुका है। वहीं, देवेश कुमार ने दावा किया कि होडल शहर में करीब 20 हजार वोट काटे गए हैं। कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची से कथित तौर पर वोट काटे जाने का मुद्दा उठाते हुए निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने की मांग की।
इस मौके पर पृथला से विधायक रघुबीर तेवतिया, पूर्व विधायक उदयभान सिंह, कांग्रेस जिलाध्यक्ष नेत्रपाल अवाना, देवेश कुमार, होडल ब्लॉक अध्यक्ष प्रिंस सौरौत, विनोद बैंसला, मेजर नंबरदार, मुबारिक मलिक, मकसूद सिकरावा, दीपक नंबरदार, गोविंद सिंह बाल्यहान, राजेंद्र नंबरदार, माधव सोरोत, बबलू पहलवान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।