पलवल में दुष्कर्म व हत्या के मामले में गलत हुई कार्रवाई को दिखाते कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता रा?
- फोटो : Palwal
पलवल। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता राजीव लांबा ने कहा है कि गत दिनों सुन्हरी नंगला की नाबालिग युवती से दुष्कर्म व हत्या कर रेल की पटरियों पर शव को फेंकने वाले मुख्य आरोपियों को पुलिस जानबूझकर गिरफ्तार नहीं कर रही है। आरोपियों के साथ पुलिस की मिलीभगत चल रही है। लांबा ने कहा कि जिले में आए दिन इस तरह की वारदात हो रही हैं, लेकिन पुलिस किसी भी मामले में उचित कार्रवाई नहीं कर रही है। आरोपियों को बचाने में पुलिस लगी रहती है। लांबा मंगलवार को यहां पत्रकारों से बात कर रहे थे।
लांबा ने कहा कि यदि पुलिस ने शनिवार तक नाबालिग से दुष्कर्म व हत्या करने वाले आरोपियों तथा बहरौला में गोली मारकर दूधिया की हत्या करने वाले मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया तो वे पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर धरना देंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस की मिलीभगत से आए दिन इस तरह की वारदात हो रही हैं। उन्होंने बताया कि नाबालिग से दुष्कर्म व हत्या करने वाले आरोपियों के खिलाफ पोस्को एक्ट, दुष्कर्म हरिजन एक्ट व हत्या का मामला दर्ज होने के बाद भी एक सहायक उपनिरीक्षक से जांच कराई जा रही है। जबकि कानून के नियम से यह जांच डीएसपी द्वारा की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पलवल जिला बदमाशों और अपराधियों के लिए शरण स्थल बनता जा रहा है। ेलांबा ने कहा कि पलवल का एक पायलट पिछले नौ दिनों से विमान के साथ लापता है, लेकिन सरकार द्वारा अभी तक उस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। पायलट का परिवार लगातार सरकार से विमान व उसमें सवार अपने पुत्र को खोजने की मांग कर रहा है, लेकिन कोई लाभ नहीं मिला है। यहां तक की सरकार की तरफ से अभी तक कोई मंत्री तक यहां नहीं आया है। उन्होंने कहा कि शनिवार को इन सभी मामलों में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस कार्यकर्ता आंदोलन करेंगे तथा सरकार व पुलिस विभाग के खिलाफ धरना देंगे। इस अवसर पर कांग्रेस के प्रदेश सचिव संतराम मेघवाल भी मौजूद थे।