पलवल में आयोजित राहगीरी में नृत्य करती स्कूली बच्चियां।
- फोटो : Palwal
पलवल। जिला पुलिस एवं प्रशासन द्वारा रविवार को जवाहर नगर कैंप स्थित गोल मार्केट में राहगीरी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर किसी ने गीतों पर ठुमके लगाए तो कई ने योग के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस अवसर पर सबसे दिलचस्प कार्यक्रम रस्साकसी मुकाबला हुआ जो आम जनता व पुलिस प्रशासन के बीच बराबरी पर रहा। कार्यक्रम में समाजसेवी संस्थाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसके लिए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में नगाड़े की थाप पर बच्चों और महिलाओं ने जमकर नृत्य का आनंद लिया। हरियाणवी और पंजाबी गानों पर भी लोग जमकर नाचे। मुख्य आकर्षण योगासन, मर्रोली के नगाडे़ और सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे। योगाचार्य गुरमेश आर्य ने योग के करतब सिखाए। मर्रोली गांव के मशहूर नगाडे़ (चौपाई) की धुनों पर सभी लोग जमकर नाचे। महिला थाना प्रभारी द्वारा दुर्गा शक्ति ऐप के बारे में पूर्ण जानकारी देते हुए महिलाओं एवं बच्चों पर होने वाले अत्याचारों के बारे में जानकारी दी गई तथा उनसे निपटने के भी तरीके बताए व समझाए गए।
इस अवसर पर पर्यावरण को सुरक्षित रखने, आसपास सफाई रखने व ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाने की शपथ दिलाई गई। डीएसपी रमेश कुमार ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस और सिविल विभाग के कर्मचारियों को तनाव मुक्त करना, सरकारी विभागों का आमजन के साथ अच्छा तालमेल स्थापित करना, आपसी मेल-जोल बढ़ाना है। इस प्रकार के कार्यक्रम हर महीने के दूसरे और चौथे रविवार को शहर के अलग-अलग स्थानों पर किया जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग द्वारा आमजन से अपील की गई कि वो भी इस कार्यक्रम का हिस्सा बनें और अपनी प्रस्तुति दें। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए विभाग द्वारा पानी बचाने और पेड़ लगाने का आमजन से अनुरोध किया गया। वहीं जनता से अपील की गई कि अगले कार्यक्रम में और भी ज्यादा संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।
राहगीरी में डीएसपी रमेश कुमार, उपमंडल अधिकारी जितेंद्र कुमार, महिला थाना प्रभारी सविता रानी, कैंप थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार और यातायात प्रभारी रविंद्र कुमार मुख्य रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अध्यापक बलवीर ने किया।