नई दिल्ली। पलवल से दिल्ली जाकर ठगी करने वाले एक शातिर ठग को ओखला इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके पास से ठगे गए 30 हजार रुपये, दो महंगे मोबाइल और अलग-अलग 20 एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया है कि वह नशा करने और शौक पूरे करने के लिए ठगी करता था।
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस उपायुक्त चिन्मय बिश्वाल ने बताया कि 4 जुलाई को तेहखंड निवासी एक महिला ने ऑनलाइन ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि वह ओखला इंडस्ट्रियल एरिया के एक एटीएम बूथ में कैश निकालने गई थी। एटीएम ठीक से काम नहीं कर रहा था। वहां खड़े युवक ने उसकी मदद की, लेकिन कैश नहीं निकला। घर पहुंचते ही उसके मोबाइल पर बैंक खाते से 30 हजार रुपये निकलने का मैसेज आया। कुछ ही देर में दोबारा 42790 की खरीदारी का मैसेज आया। बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र से बातचीत करने पर पता चला कि रुपये उसके एटीएम कार्ड से ही निकाले गए हैं।
पीड़िता ने अपना एटीएम कार्ड चेक किया तो पता चला कि उसका कार्ड आरोपी युवक ने धोखे से बदल दिया था। शिकायत पर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने एटीएम बूथ के अलावा दूसरी जगहों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो आरोपी की पहचान हरियाणा के पलवल निवासी ईसा खान (28) के रूप में हुई। 7 जुलाई को आरोपी को ओखला इलाके से दबोच लिया गया।
आरोपी ने बताया कि वह मदद के बहाने एटीएम कार्ड बदल लेता था और नकदी निकालने के दौरान वह पीड़ितों का पिन नंबर भी देख लेता था। आरोपी की गिरफ्तारी से 3 मामले सुलझे हैं। इससे पूर्व वह 2018 में इसी तरह के मामले में गिरफ्तार हो चुका है।