विधानसभा में ऑडिटर लगवाने के नाम पर की गई ठगी
महिला सहित छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। बेरोजगार युवक को मंत्री, एमएलए से अच्छे संबंध बताकर उसे विधानसभा में ऑडिटर की नौकरी दिलवाने के नाम पर 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में मुंडकटी थाना पुलिस ने महिला सहित छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मुंडकटी थाना प्रभारी धर्मचंद्र ने बताया कि गांव मानपुर निवासी उमेद ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह रोजगार की तलाश में है। उसकी मां का मामा चंद्रभान और उसके बेटे सन्नी, संजय व योगेश ने उसे कहा कि उनके सरकार में बड़े-बड़े मंत्री व एमएलए से संबंध हैं। वो उसे सरकारी नौकरी लगवा देंगे। उन्होंने उसे कहा कि वो उसे विधानसभा में ऑडिटर के पद पर नौकरी दिलवा देंगे। इसके लिए उसे रुपये देने होंगे। उन्होंने उसकी मुलाकात फरीदाबाद निवासी संजय मौर्या से करवाई, जो उसे चंडीगढ़ लेकर गया, जहां उसने उसे जसबीर नामक व्यक्ति से मिलवाया, जिसने बताया कि वह विधानसभा में ओसी हेड लगा हुआ है। वह उसे नौकरी दिलवा देगा। सन्नी जो उसकी रिश्तेदारी में लगता है, उसने उसकी मुलाकात जसबीर से करवाई और नौकरी दिलवाने का दिलासा दिया।
आरोप है कि उन्होंने उससे कागज लिए और उसे कहा कि उसे विधानसभा में सीएम व डीसीएम ग्रुप ए कॉन्ट्रैक्ट बेस पर चालीस हजार रुपये माह की नौकरी दे दी है। इस नौकरी के लिए उससे दस लाख रुपये की रकम ली गई। कुछ रुपये उसने ऑनलाइन ट्रांसफर किए थे और कुछ रुपये कैश दिए गए थे। काफी दिनों बाद जब उसकी नौकरी नहीं लगी तो उसने अपने रुपये वापस मांगे लेकिन उन्होंने कोरोना का बहाना बनाकर उसे कहा कि अभी कुछ दिन और रुकना पड़ेगा। लेकिन उसे शक हुआ कि उसके साथ धोखाधड़ी की गई है। इसलिए उसने अपने रुपये फिर वापस मांगे तो उन्होंने उसे जान से मारने की धमकी दी और कहा कि अगर कोई कार्रवाई की तो उनकी सरकार में ऊपर तक पहुंच है, उन्हें झूठे केसों में फंसवा दिया जाएगा। पुलिस ने मामले में संजय, चंद्रभान, माया देवी, योगेश, जसबीर, सन्नी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।