संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर झिरका। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर चैनल नंबर 54.200 के पास क्रेटा कार की ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार नवीन सोलंकी की मौत हो गई, जबकि उनके साथी नवीन ठाकरान घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, 10 अक्तूबर की सुबह करीब चार बजे नवीन ठाकरान अपने दोस्त नवीन सोलंकी के साथ अलवर से गुरुग्राम की ओर आ रहे थे। इसी दौरान गुरजनंगला गांव के पास उनकी कार ट्रक से टकरा गई। नवीन ठाकरान ने मदद के लिए 112 और 1033 पर फोन किया। करीब आधे घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया। गुरुग्राम के आर्टेमिस अस्पताल में चिकित्सकों ने नवीन सोलंकी को मृत घोषित कर दिया।
जांच अधिकारी सतीश कुमार के अनुसार, मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों और अज्ञात ट्रक चालक की पहचान करने के लिए जांच कर रही है।