तीन घायलों में एक की हालत गंभीर, केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। नेशनल हाईवे-19 स्थित गांव सराय के पास मंगलवार की देर रात कंटेनर चालक ने अचानक ओवरटेक कर दिया। ओवरटेक करने के बाद पीछे चल रही स्कॉर्पियो गाड़ी की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। गाड़ी में एयरबैग खुलने के बाद एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अस्पताल पहुंचने से पहले एक और की मौत हो गई। इस हादसे में अन्य तीन युवक घायल हो गए। इनमें से एक की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए पलवल के अस्पताल में भेज दिया है और घायलों की हालत को गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बाहर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर कंटेनर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कंटेनर को कब्जे में ले लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार गांव करमन निवासी पुष्पेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह और उसके दोस्त दो अलग-अलग गाड़ियों में अपने दोस्त हेमराज को छोड़ने के लिए करमन बॉर्डर से फरीदाबाद के लिए जा रहे थे। दूसरी स्कॉर्पियो गाड़ी में गांव करमन निवासी हेमराज, सोनू, विशाल, पवन व योगेश सवार थे जबकि भूपेश, सागर व संदीप उसकी क्रेटा गाड़ी में सवार थे। पीड़ित ने बताया कि जब वह गांव सराय के पास पहुंचे तो आगे चल रहे कंटेनर चालक ने अचानक ओवरटेक कर दिया और उनकी स्कॉर्पियो गाड़ी कंटेनर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो गाड़ी आगे से पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई । घटना के बाद अन्य गाड़ी सवारों ने अपनी गाड़ी को रोककर गाड़ी में फंसे सभी को गाड़ी से बाहर निकाला और उन्हें पलवल के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया जहां गांव करमन निवासी सोनू की मौके पर मौत हो गई।
वहीं, गांव उमराला निवासी योगेश ने भी अस्पताल में पहुंचने से पहले ही रास्ते में दम तोड़ दिया जबकि पवन व योगेश सहित हेमराज घायल हो गए, जिसमें हेमराज की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे वेंटिलेटर पर उपचार के लिए रखा है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पलवल के सिविल अस्पताल में भेज। मुंडकटी थाना पुलिस ने कंटेनर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कंटेनर को अपने कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।