- पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की शुरू
- आरोपियों से फर्जी सिम कार्ड, चेक बुक व एटीएम बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। वीडियो कॉल कर अश्लील वीडियो बना लोगों के साथ साइबर ठगी करने वाले दो ठगों को साइबर क्राइम थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों से बरामद मोबाइल फोन में युवतियों के साथ सोशल अकाउंट, फोटो व ठगी किए जाने की चैट मिली है। इसके अलावा मोबाइल से फर्जी सिम कार्ड मिले हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
साइबर क्राइम थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नवीन कुमार के अनुसार उनकी टीम आगरा चौक के पास गश्त कर रही थी तभी उन्हें सूचना मिली कि फर्जी सिम कार्ड के जरिये वीडियो कॉल कर अश्लील वीडियो रिकॉर्ड करने के बाद साइबर ठगी को अंजाम देने वाले दो आरोपी बहरौला पुल के समीप मौजूद हैं। पुलिस ने तुरंत टीम गठित कर मौके पर छापा मारा। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दोनों युवकों को काबू किया। युवकों के कब्जे से दो मोबाइल फोन व चेक बुक बरामद हुई। आरोपियों की पहचान हसनपुर के गांव पीरगढी निवासी मौसम व साहिल के रूप में हुई। साहिल के मोबाइल से दो सिम बरामद हुईं। फोन में पूनम शर्मा के नाम से सोशल अकाउंट व फर्जी चैट मिले। साहिल से चेक बुक व एटीएम कार्ड मिला। सिम कार्ड उड़ीसा निवासी गोबिंदा व बुलंदशहर निवासी सीताराम के नाम पंजीकृत मिली। इन मोबाइल नंबरों से की गई ठगी की शिकायत भी पोर्टल पर दर्ज मिली।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस कहना है कि आरोपियों को अदालत में पेश पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपियों द्वारा की गई वारदातों का खुलासा किया जाएगा।